Home / Uncategorized / महराजगंज में अचानक पहुंचे सीडीओ, लक्ष्मीपुर ब्लॉक में मचा हड़कंप

महराजगंज में अचानक पहुंचे सीडीओ, लक्ष्मीपुर ब्लॉक में मचा हड़कंप

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / घुघली

योजनाओं की जमीनी हकीकत पर कसा शिकंजा, लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी।

 

महराजगंज, जनपद के लक्ष्मीपुर विकासखंड में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह अपने वार्षिक निरीक्षण के तहत अचानक ब्लॉक कार्यालय पहुंच गए। बिना पूर्व सूचना के हुए इस औचक निरीक्षण से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने कार्यालय परिसर, अभिलेखों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे आवासों की वास्तविक स्थिति की जांच की और लाभार्थियों की सूची से लेकर निर्माण की गुणवत्ता तक का बारीकी से अवलोकन किया।
इसके साथ ही व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों की प्रगति, स्वच्छता मिशन के अंतर्गत हो रहे कार्यों तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़ी फाइलों का भी गंभीरता से परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की ग्राउंड रिपोर्ट मांगी और स्पष्ट किया कि कागजों पर प्रगति दिखाने के बजाय धरातल पर परिणाम दिखाई देने चाहिए।
सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, देरी या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
सभी डेवलपमेंट ब्लाकों पर किया जाएगा निरीक्षण
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में सीडीओ ने बताया कि जनपद के सभी विकासखंडों का व्यापक और क्रमवार निरीक्षण किया जाएगा। सरकार की योजनाएं आम जनता तक सही तरीके से पहुंच रही हैं या नहीं, इसकी जमीनी पड़ताल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को गति देना प्रशासन की प्राथमिकता है और जहां भी खामियां मिलेंगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ के इस सख्त रुख से स्पष्ट है कि अब विकास कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *