पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज /घुघली
महराजगंज में आगामी चुनाव को देखते हुए कानून-व्यवस्था एवं सीमा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने पड़ोसी देश नेपाल के उच्च अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित कर सुरक्षा रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम तथा सीमा पर सतर्कता बढ़ाने जैसे अहम बिंदुओं पर मंथन किया गया। अधिकारियों ने सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) एवं स्थानीय थाना पुलिस को संयुक्त रूप से गश्त बढ़ाने, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को तेज करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, तस्करी या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाए और आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने दो टूक कहा कि शांति, सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
होली पर्व पर भी सख्ती
बैठक के उपरांत होली पर्व के मद्देनज़र भारत-नेपाल सीमा के कस्बा सोनौली में स्थानीय पुलिस और एसएसबी टीम द्वारा संयुक्त रूप से पैदल गश्त किया गया। अधिकारियों ने थाना प्रभारी को शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
जनपद प्रशासन और पुलिस की इस समन्वित कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत रहने की उम्मीद जताई जा रही है। चुनाव और त्योहार—दोनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
चुनाव से पहले भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, डीएम–एसपी ने नेपाल अधिकारियों संग की समन्वय बैठक










