पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
:बलिया। जनपद पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। आरोपियों ने शव की पहचान छिपाने के लिए मृतक के चेहरे पर टॉयलेट क्लीनर डाला था। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि यह खुलासा स्वाट सर्विलांस और थाना रसड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को किया। बीते 10 फरवरी को सुबह करीब 10 बजे रसड़ा थाना क्षेत्र के चिलकहर से नत्थोपुर-लोहटा मार्ग से सटे कुश ग्राम लोहटा में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शव की पहचान और घटना के खुलासे के लिए स्वाट सर्विलांस और रसड़ा पुलिस की संयुक्त टीम लगातार जांच कर रही थी।
जांच के दौरान, अज्ञात शव की पहचान आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के लाहीडीह निवासी पंकज गुप्ता पुत्र जगन्नाथ गुप्ता के रूप में हुई। इस हत्याकांड में कुल पांच लोगों के नाम सामने आए थे। रविवार को सुबह करीब 11:45 बजे, स्वाट सर्विलांस और रसड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर निवासी मनीष सिंह पुत्र अगस्त सिंह, आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र के सिकहुला निवासी विजय पाल सिंह पुत्र रामसेवक सिंह और विजय पाल सिंह की पत्नी अंजनी सिंह शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का एक ओप्पो मोबाइल फोन, तेजाब की दो खाली बोतलें और घटना में प्रयुक्त एक होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि मृतक पंकज गुप्ता के पड़ोसी गांव सिकहुला, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ निवासी विजय पाल सिंह पुत्र रामसेवक सिंह की बहन रेखा सिंह से उसके संबंध थे। मृतक के पास इस संबंध से जुड़े कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो थे, जिनको लेकर वह आए दिन रेखा पर अनावश्यक दबाव बनाता था। इस संबंध में रेखा ने अपने पति अरुण सोनी पुत्र दयाशंकर सोनी, निवासी नियाऊज, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ तथा अपनी भाभी अंजनी सिंह पत्नी विजय पाल सिंह को जानकारी दी। इसी दौरान 5 फरवरी को अंजनी सिंह के मायके, विजय पाल के ससुराल ग्राम चिलकहर, थाना गड़वार, जनपद बलिया में अंजनी सिंह की छोटी बहन की शादी थी। शादी में विजय पाल सिंह, अंजनी सिंह, विजय पाल की बहन रेखा सिंह और रेखा सिंह के पति अरुण कुमार सोनी मौजूद थे।
इन चारों ने इस समस्या के बारे में अंजनी सिंह के भाई मनीष सिंह, निवासी ग्राम चिलकहर, थाना गड़वार, जनपद बलिया को बताया। इसके बाद पांचों ने मिलकर योजना बनाई कि पंकज गुप्ता को किसी बहाने बुलाकर उसकी हत्या कर दी जाए।
योजना के तहत 7 फरवरी को मृतक पंकज को बुलाया गया और साजिश के तहत रस्सी से गला दबाकर तथा चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई। यही नहीं, शव की पहचान छिपाने के लिए अभियुक्तों ने उसके चेहरे पर टॉयलेट क्लीनर डाल दिया। मृतक के बैग और कुछ कपड़ों को वहीं जला दिया गया तथा मोबाइल फोन को कुछ दूरी पर फेंक दिया गया, जो बाद में बरामद हुआ। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि पंकज की गुमशुदगी आजमगढ़ में दर्ज थी।
ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार रस्सी से गला दबाकर चाकू से काटा गला










