पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
रोहनिया/–वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत गंगापुर में होलिका दहन को लेकर उत्पन्न हुआ विवाद प्रशासन की सूझबूझ से शांत हो गया। सोमवार देर शाम भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आपसी सहमति के बाद होलिका दहन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत गंगापुर के वार्ड नंबर 2 में होलिका दहन के स्थान को लेकर दो पक्षों के बीच असहमति थी। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ।
मौके पर एसीपी संजीव शर्मा, रोहनिया थाना प्रभारी राजू कुमार सिंह और गंगापुर चौकी प्रभारी पवन कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से संवाद स्थापित किया और बीच का रास्ता निकाला।
प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद यह निर्णय लिया गया कि होलिका दहन विवादित स्थान से कुछ दूरी पर किया जाएगा। अधिकारियों की मौजूदगी में नई जगह पर होलिका सजाई गई और देर शाम विधि-विधान के साथ दहन प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।
होलिका दहन सकुशल संपन्न होने के बाद एसीपी संजीव शर्मा और थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों को पर्व की बधाई दी। अधिकारियों ने नगर वासियों से अपील करते हुए कहा कि होली आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है, सभी नागरिक इस पर्व को हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से क्षेत्र में तनाव समाप्त हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।










