Home / Uncategorized / हल्दी चट्टी पर टेम्पो चालकों की मनमानी से राहगीर और यात्री परेशान

हल्दी चट्टी पर टेम्पो चालकों की मनमानी से राहगीर और यात्री परेशान

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। हल्दी चट्टी पर टेम्पो चालकों की मनमानी से राहगीरों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चालक बीच सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारियां भरते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है। इस अव्यवस्था के कारण खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सड़क पार करने में परेशानी हो रही है। यातायात बाधित होने से क्षेत्र में दिनभर चहल-पहल के बावजूद आवागमन मुश्किल हो जाता है। होली पर्व को देखते हुए इन दिनों बाजार में रौनक बढ़ गई है। दुकानदारों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर पिचकारी, रंग और अबीर-गुलाल की अस्थायी दुकानें सजा ली हैं। त्योहार की खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़ से चट्टी क्षेत्र में दिनभर चहल-पहल बनी हुई है। हालांकि, सड़क किनारे लग रही इन अस्थायी दुकानों के कारण यातायात व्यवस्था और भी प्रभावित हो रही है। इससे जाम की समस्या गंभीर रूप ले रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा टेम्पो स्टैंड की समुचित व्यवस्था की जाए और सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित ढंग से लगाया जाए, तो जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। आमजन ने प्रशासन से अपील की है कि त्योहार की खुशियों के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि लोग सुरक्षित और सुगम तरीके से होली की खरीदारी कर सकें। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष राजू कुमार राय ने बताया कि अवैध रूप से खडे टेम्पो को हटाया जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *