Home / Uncategorized / जे एन सी यू के समाज कार्य विभाग चलाए जा रहे “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” का समापन

जे एन सी यू के समाज कार्य विभाग चलाए जा रहे “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” का समापन

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के समाजकार्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे दो माह के “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” का समापन देवोकली प्राथमिक विद्यालय (इंग्लिश मीडियम) में आयोजित जागरूकता रैली के साथ किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति के संरक्षण एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पा मिश्रा के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।
देवोकली प्राथमिक विद्यालय (इंग्लिश मीडियम) में रैली अभियान के साथ पिछले दो माह से चलाए जा रहे बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का औपचारिक समापन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कुल 58 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समाजकार्य विभाग के छात्रों ने बच्चों के साथ मिलकर पोस्टर एवं स्लोगन के माध्यम से बाल विवाह न करने तथा इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
रैली के दौरान बच्चों एवं ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास पर बाल विवाह के नकारात्मक प्रभावों से अवगत कराया गया। दो महीने तक चले इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, संवाद एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य समाज को बाल विवाह जैसी कुप्रथा से मुक्त करना था। समापन अवसर पर स्कूली बच्चों एवं समाजकार्य के छात्रों ने बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ ली और बाल विवाह को समाप्त करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में डॉ. संजीव कुमार एवं डॉ. प्रेम भूषण यादव भी उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन एवं समापन डॉ. रूबी के नेतृत्व में संपन्न किया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *