Home / Uncategorized / महंगू छपरा में भीषण आग, आधा दर्जन झोपड़ियां जलकर राख

महंगू छपरा में भीषण आग, आधा दर्जन झोपड़ियां जलकर राख

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। बांसडीह क्षेत्र के डुहीजान गांव के महंगू छपरा में सोमवार की दोपहर करीब एक बजे अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग में आधा दर्जन से अधिक रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग की लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। तेज लपटों के कारण झोपड़ियों में रखा घर-गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।इस अग्निकांड में सोनू राजभर, सुरेंद्र शर्मा, भोला राजभर, मंटू राजभर, संतु राजभर और धूपन राजभर का भारी नुकसान हुआ है। सभी की झोपड़ियों में रखा दैनिक उपयोग का सामान, कपड़े, अनाज समेत अन्य जरूरी वस्तुएं जल गईं। बताया जा रहा है कि धूपन राजभर की बेटी की शादी मई महीने में तय थी। शादी के लिए वे धीरे-धीरे सामान जुटा रहे थे, लेकिन आग लगने से शादी का सारा सामान भी जलकर राख हो गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *