पूर्वांचल राज्य ब्यूरो अब्दुल कलाम. महराजगंज महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को शहर स्थित अपने आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनीं। सुबह से ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिससे आवास परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं।
जनता दर्शन कार्यक्रम में बिजली, सड़क, पेयजल, आवास, पेंशन, राजस्व विवाद, छात्रवृत्ति और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मामलों की भरमार रही। मंत्री ने एक-एक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई प्रकरणों में उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के आदेश दिए।
ग्रामीण अंचलों से आए किसानों ने खाद की उपलब्धता, नलकूपों की मरम्मत तथा सिंचाई व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। वहीं युवाओं ने रोजगार और भर्तियों से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से रखा। महिलाओं ने राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना और पेंशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई।
प्रदेश अध्यक्ष ने अपने आवास पर आम जनमानस की समस्या सुनी









