Home / Uncategorized / होली से पहले बड़ी कार्रवाई: आलू की बोरियों के नीचे छिपी 1.68 करोड़ की अवैध शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

होली से पहले बड़ी कार्रवाई: आलू की बोरियों के नीचे छिपी 1.68 करोड़ की अवैध शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

पूर्वांचल राज्य चन्दौली।
होली पर्व के मद्देनज़र अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अलीनगर पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने 1028 पेटी (कुल 9199.8 लीटर) अवैध शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.68 करोड़ रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) एवं क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना अलीनगर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव व सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा की टीम ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश

दिनांक 02 मार्च 2026 को गौधना चौराहे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में अवैध शराब लदी है। सूचना पर पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित सिंहिताली पुल के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान ट्रक संख्या आरजे 14जीयल7458 आता दिखाई दिया।
पुलिस के अनुसार, चालक ने पुलिस टीम को देखकर ट्रक को कतार से हटाकर तेज गति से पुलिसकर्मियों की ओर मोड़ दिया और उन्हें कुचलने का प्रयास किया। सतर्कता बरतते हुए पुलिस टीम ने अपनी सुरक्षा करते हुए कुछ दूरी पर ट्रक को घेरकर पकड़ लिया।
आलू और भूसी के नीचे छिपाई गई थी शराब
पकड़े गए चालक की पहचान मल्लाराम (32 वर्ष), निवासी ग्राम रानी गांव कल्ला, थाना सदर बाड़मेर, जिला बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में हुई। ट्रक की तलाशी लेने पर डाले में 30 बोरी आलू व 50 बोरी चावल की भूसी के नीचे 1028 पेटी अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी मिली। सभी पेटियों पर “ केवल पंजाब में बिक्री के लिए अंकित था।

साथ ही अभियुक्त के कब्जे से ₹1200 नगद एवं दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए। ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।

होली पर ऊंचे दाम में बेचने की थी योजना

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पंजाब से सस्ती दर पर शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता है। बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण होली के मौके पर अधिक मुनाफे की उम्मीद थी। इसी लालच में वह किसी भी कीमत पर ट्रक को बिहार पहुंचाना चाहता था और पकड़े जाने के डर से पुलिस पर ट्रक चढ़ाकर भागने का प्रयास किया।
मुकदमा दर्ज, आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा
इस संबंध में थाना अलीनगर पर मु0अ0सं0 139/2026 धारा 109(1) बीएनएस एवं 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि होली के मद्देनज़र जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस प्रकार के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *