Home / Uncategorized / ताला लगाकर पति को जिंदा जलाया? 65 वर्षीय पत्नी पर हत्या का आरोप, गांव में सनसनी

ताला लगाकर पति को जिंदा जलाया? 65 वर्षीय पत्नी पर हत्या का आरोप, गांव में सनसनी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज /घुघली
महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बासपारकोठी गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। 65 वर्षीय सुमित्रा पर अपने 70 वर्षीय पति रामपति को जिंदा जलाकर मार डालने का आरोप लगा है। घटना के बाद से आरोपी महिला फरार बताई जा रही है, जबकि गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
विवाद ने लिया भयावह रूप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान सुमित्रा ने पहले पति पर हमला किया और फिर कमरे में आग लगा दी। इतना ही नहीं, आग लगाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गई।
घर से धुआं उठता देख ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर रामपति का जला हुआ शव बरामद हुआ। यह दृश्य देख हर कोई सन्न रह गया।
पहले भी हुआ था हमला
ग्रामीणों के मुताबिक, सुमित्रा पूर्व में भी अपने पति पर चाकू से हमला कर चुकी थी। हालांकि उस समय मामला किसी तरह शांत हो गया था, लेकिन इस बार विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकीदार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि आरोपी महिला की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह को घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सवालों के घेरे में रिश्ते
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर पारिवारिक संबंधों में बढ़ती कड़वाहट और घरेलू हिंसा की भयावह तस्वीर सामने रख दी है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि जीवनसाथी ही जीवन का अंत बन गया?
पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *