पूर्वांचल राज्य – संवाददाता दीपू तिवारी
ओबरा (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र के गैस गोदाम इलाके में कलश होटल के समीप एक तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर ने सामने से बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा रिहायशी क्षेत्र में हुआ, जो थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फॉर्च्यूनर एक युवती चला रही थी और उसमें एक युवक भी सवार था। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कार के पिछले हिस्से में समाकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हालांकि, बाइक सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाइक से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
घटना के तुरंत बाद कार सवार युवक-युवती मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना में शामिल फॉर्च्यूनर किसी बड़े व्यापारी की बताई जा रही है।
रिहायशी इलाके में तेज रफ्तार के कारण हुई इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक व फॉर्च्यूनर वाहन को कब्जे में ले लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










