16 लाख के फोन मालिकों को लौटाए
पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चन्दौली। जनपद में खोए और गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। चन्दौली पुलिस ने 75 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में CEIR पोर्टल से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर स्वाट एवं सर्विलांस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर मोबाइल फोन ट्रेस किए। मंगलवार को पुलिस लाइन के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) एवं क्षेत्राधिकारी क्राइम की उपस्थिति में सभी 75 मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक को जनसुनवाई के दौरान लगातार खोए व गिरे मोबाइलों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हो रहे थे। मामलों को गंभीरता से लेते हुए CEIR पोर्टल के माध्यम से तकनीकी जानकारी जुटाई गई और स्वाट व सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया। टीमों ने विभिन्न कंपनियों के मोबाइल सेट ट्रेस कर उन्हें बरामद किया।थानावार बरामदगी का विवरण इस प्रकार है:
सर्विलांस सेल – 42 मोबाइल
थाना बबुरी – 14 मोबाइल
थाना घानापुर – 4 मोबाइल
थाना धीना – 4 मोबाइल
थाना सैयदराजा – 4 मोबाइल
थाना बलुआ – 3 मोबाइल
थाना सकलडीहा – 2 मोबाइल
थाना चन्दौली – 1 मोबाइल
थाना अलीनगर – 1 मोबाइल
पुलिस के अनुसार नवम्बर 2023 से अब तक कुल 452 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 80.75 लाख रुपये है, बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। इससे पूर्व 10 नवम्बर 2023 को 125 मोबाइल (लगभग 18.75 लाख रुपये), 11 मार्च 2024 को 101 मोबाइल (लगभग 16 लाख रुपये) तथा 25 मई 2025 को 151 मोबाइल (लगभग 30 लाख रुपये) बरामद कर सुपुर्द किए गए थे।
मोबाइल बरामदगी अभियान में क्षेत्राधिकारी क्राइम कृष्ण मुरारी शर्मा, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए चन्दौली पुलिस निरंतर प्रतिबद्ध है।










