1.68 करोड़ की 1028 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार
चन्दौली।मंगलवार होली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जनपद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना अलीनगर पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एनएच-19 स्थित सिहीताली पुल के पास एक ट्रक से 1028 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (कुल 9199.8 लीटर) बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.68 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया व पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांहे के मार्गदर्शन में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना अलीनगर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव एवं सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार 2 मार्च की रात गोधना चौराहे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब से अवैध शराब की बड़ी खेप बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-19 स्थित सिहीताली पुल पर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान राजस्थान नंबर (RJ14GL7458) का एक ट्रक संदिग्ध रूप से आता दिखाई दिया।
बताया गया कि ट्रक चालक ने पुलिस को देखकर वाहन को कतार से हटाकर तेज गति से पुलिस टीम की ओर बढ़ाया और भागने का प्रयास किया। हालांकि सतर्क पुलिसकर्मियों ने अपनी सुरक्षा करते हुए कुछ दूरी पर ट्रक की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
आलू और भूसी की बोरियों के नीचे छिपी थी शराब
तलाशी के दौरान ट्रक में ऊपर से 30 बोरी आलू और 50 बोरी चावल की भूसी लदी मिली। जब बोरियों को हटाकर जांच की गई तो उनके नीचे अवैध अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाकर रखी मिलीं। बरामद शराब की पेटियों पर “For Sale in Punjab Only” अंकित था, जिससे स्पष्ट है कि शराब पंजाब से बिहार तस्करी कर ले जाई जा रही थी।
बरामद शराब में इम्पीरियल ब्लू (375 एमएल) की 31 पेटी (279 लीटर), रॉयल चैलेंज (750 एमएल) की 315 पेटी (2835 लीटर), रॉयल चैलेंज (180 एमएल) की 145 पेटी (1252.8 लीटर), ऑल सीजंस (750 एमएल) की 239 पेटी (2151 लीटर) तथा मैकडॉवेल (750 एमएल) की 298 पेटी (2682 लीटर) शामिल हैं। कुल मिलाकर 1028 पेटियों में 9199.8 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।
आरोपी ने कबूला मुनाफे का खेल
गिरफ्तार चालक की पहचान मल्लाराम (32 वर्ष), निवासी ग्राम रानी गांव कला, थाना सदर बाड़मेर, जिला बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 1200 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बिहार में शराबबंदी के चलते पंजाब से सस्ती शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेची जाती है, जिससे भारी मुनाफा होता है। होली के मौके पर मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए यह खेप ले जाई जा रही थी। पुलिस को देखकर उसने किसी भी कीमत पर ट्रक को निकाल ले जाने की कोशिश की।मुकदमा दर्ज कर वाहन सीज पुलिस ने ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। इस संबंध में थाना अलीनगर पर मु0अ0सं0 139/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस एवं 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
होली से पहले की गई इस बड़ी कार्रवाई को जनपद पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।









