Home / Uncategorized / दहेज विवाद में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से की निर्मम हत्या

दहेज विवाद में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से की निर्मम हत्या

दहेज विवाद में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से की निर्मम हत्या

तलाक के बाद दहेज का सामान लेने ससुराल पहुंची थी महिला, दिनदहाड़े हुई वारदात से क्षेत्र में सनसनी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/बृजमनगंज।
महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सौरहा खास गांव में गुरुवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान 23 वर्षीय नजमा खातून के रूप में हुई है। वह बारगाहपुर निवासी बुनियाद अली की पुत्री थी। नजमा की मां आयशा खातून के अनुसार लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व नजमा की शादी बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सौरहा खास निवासी मुर्तजा के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही नजमा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। आए दिन होने वाले विवाद और उत्पीड़न से तंग आकर नजमा अपने मायके बारगाहपुर चली गई थी। बाद में दोनों के बीच आपसी सहमति से तलाक भी हो गया था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को आयशा खातून अपनी बेटी नजमा के साथ दहेज में दिए गए सामान को वापस लेने उसके ससुराल सौरहा खास पहुंची थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि मुर्तजा ने गुस्से में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और नजमा पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार आरोपी ने पहले कुल्हाड़ी से नजमा के गले पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी ने उसके सिर और पेट पर भी वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फरेंदा क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार और थानाध्यक्ष बृजमनगंज सत्य प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिलीप गुप्ता ने बताया कि आरोपी मुर्तजा शराब पीने का आदी बताया जाता है। तलाक के बाद नजमा अपने दहेज का सामान लेने ससुराल आई थी, उसी दौरान यह दर्दनाक घटना घटित हो गई।
इस बावत क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है, जबकि मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *