पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/परतावल ।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल वार्ड नंबर 6 आजाद नगर कुर्मी टोला के पास बुधवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल से छोटू चौहान उर्फ जितेंद्र चौहान (35) पुत्र सुदर्शन चौहान एवं हीरा लाल (30) पुत्र सुरेश, निवासी ग्राम लखिमा, थाना श्यामदेउरवा, लखिमा से धर्मौली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुर्मी टोला परतावल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आस पास के लोगों के मदद से एम्बुलेंस को बुलाया गया
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जितेंद्र चौहान उर्फ छोटू चौहान को मृत घोषित कर दिया।सूचना पाकर मौके पर पहुंची परतावल चौकी की पुलिस पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया। वहीं घायल हीरा लाल को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया।
मृतक जितेंद्र चौहान रोजाना शहर जाकर दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र पवन और पुत्री अंशु का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
परतावल में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक गंभीर










