Home / Uncategorized / बीएसएफ जवान का निधन दोहरीघाट पर राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार

बीएसएफ जवान का निधन दोहरीघाट पर राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद के भीमपुरा थाना क्षेत्र के सवापार गांव निवासी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान अनिल सिंह (56) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह उनके पैतृक गांव सवापार लाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंतिम विदाई की गई और दोहरीघाट के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। अनिल सिंह बीएसएफ की 95वीं बटालियन में गुरुग्राम में तैनात थे। तीन मार्च को होली से एक दिन पहले इलाज के दौरान नारायणा अस्पताल में उनका निधन हो गया था। गुरुवार की सुबह बीएसएफ के कमांडर संत राम मौर्या जवान का पार्थिव शरीर लेकर भीमपुरा थाने पहुंचे। वहां से थानाध्यक्ष की मौजूदगी में शव को उनके पैतृक गांव सवापार लाया गया। अनिल सिंह अपने पीछे पत्नी सुशीला देवी, तीन पुत्र अमरीश, अवनीश व अंकित सिंह और एक बेटी लक्की सिंह को छोड़ गए हैं। वे अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे।
उनका अंतिम संस्कार दोहरीघाट स्थित मुक्तिधाम तट पर राजकीय सम्मान के साथ किया गया। बीएसएफ के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। मुखाग्नि उनके छोटे पुत्र अंकित सिंह ने दी। इस दौरान बेल्थरारोड विधायक हंसू राम, राजीव कुमार सिंह, रघुपति सिंह सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *