Home / Uncategorized / जीप से कुचलकर हत्या के मामले का खुलासा, वांछित आरोपी गिरफ्तार

जीप से कुचलकर हत्या के मामले का खुलासा, वांछित आरोपी गिरफ्तार

पूर्वांचल राज्य वाराणसी।

चोलापुर पुलिस ने जीप से टक्कर मारकर की गई हत्या के मामले का सफल अनावरण करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में थाना चोलापुर पुलिस टीम ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, थाना चोलापुर में दर्ज मुकदमा संख्या 0094/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त प्रिन्स मोदनवाल (22 वर्ष) पुत्र सुरेश मोदनवाल निवासी ग्राम चोलापुर बाजार थाना चोलापुर को गुरुवार को लगभग दोपहर 3:15 बजे गरथमा मोड़ से गिरफ्तार किया गया।

पुरानी रंजिश में जीप से कुचलकर हत्या का आरोप

घटना के संबंध में वादी जितेन्द्र भारद्वाज ने बुधवार 4 मार्च को थाना चोलापुर में तहरीर देकर बताया था कि पुरानी रंजिश के चलते अभियुक्त ने अपनी बिना नंबर की खुली जीप को तेज व लापरवाही से चलाते हुए उसके चचेरे भाई रोहित राजभर पुत्र स्व. छेदी राजभर के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि होली के दिन वह अपनी जीप से घर से रिंग रोड हाईवे की ओर जा रहा था। ग्राम धरसौना बड़का अहिरान के मोड़ पर गाड़ी मोड़ते समय एक युवक अचानक गाड़ी के नीचे आ गया, जिसे वह देख नहीं पाया। उसने बताया कि घटना से संबंधित विस्तृत बयान वह न्यायालय में देगा।
इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी
इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक जगदीश सिंह एवं कांस्टेबल मनोज कुमार थाना चोलापुर की टीम शामिल रही।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *