पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी
ओबरा(सोनभद्र) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) इकाई ओबरा तापीय विद्युत परियोजना (ओटीएचपीपी) द्वारा 57वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर CISF परेड ग्राउंड, ओबरा में भव्य परेड का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने शानदार अनुशासन और तालमेल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओबरा तापीय विद्युत परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक इंजीनियर राजेंद्र कुमार अग्रवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार उपस्थित रहे।
CISF इकाई ओबरा के जवानों ने कमांडेंट सतीश कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में आकर्षक और अनुशासित परेड का प्रदर्शन किया। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर निरीक्षक अग्नि हुपेंद्र कुमार ने किया, जबकि परेड टू कमांडर उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह यादव रहे। विभिन्न प्लाटूनों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित परेड की अतिथियों और उपस्थित दर्शकों ने जमकर सराहना की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेंद्र कुमार अग्रवाल तथा कमांडेंट सतीश कुमार सिंह ने बताया कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल का गठन 10 मार्च 1969 को रांची में हुए अग्निकांड के बाद भारत सरकार द्वारा मात्र 3129 जवानों के साथ किया गया था। आज यह बल बढ़कर 2 लाख 20 हजार से अधिक जवानों का मजबूत सुरक्षा संगठन बन चुका है। यह उपलब्धि बल के जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, समर्पण और उत्कृष्ट नेतृत्व का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि CISF वर्तमान में देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों, हवाई अड्डों, बंदरगाहों, परमाणु संयंत्रों, विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा, संसद भवन और दिल्ली मेट्रो सहित कई अहम संस्थानों की सुरक्षा का दायित्व निभा रहा है। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर निजी संस्थानों को भी सुरक्षा परामर्श उपलब्ध कराया जाता है।
देश की अर्थव्यवस्था को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में CISF महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (संचालन) तापीय विद्युत परियोजना ओबरा संजीव कुमार सिंघल, महाप्रबंधक (सिविल) दिवाकर स्वरूप, उप कमांडेंट (अग्नि) प्रसून कुमार सिन्हा, सहायक कमांडेंट आनंद कुमार नारा, सहायक कमांडेंट जी. टोप्पो, तापीय विद्युत परियोजना ओबरा के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, अभियंता, CISF इकाई ओबरा के अन्य अधिकारी, जवान तथा उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










