पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दुबहड़ थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना दुबहड़ पुलिस ने चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। इस कार्रवाई में चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस सफलता में थानाध्यक्ष अजय पाल की सक्रियता और कुशल नेतृत्व की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर मोहम्मद उस्मान के नेतृत्व में थाना दुबहड़ पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम द्वारा की गई प्रभावी कार्रवाई के दौरान चोरी से संबंधित मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और एक बाल अपचारी को कब्जे में लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जमशेद शेख पुत्र आसिक शेख निवासी ग्राम संवरुबाध थाना दुबहड़ जनपद बलिया तथा शहजाद उर्फ बुलेट पुत्र अमीन शेख निवासी ग्राम संवरुबाध थाना दुबहड़ जनपद बलिया के रूप में हुई है। इनके साथ एक 19 वर्षीय बाल अपचारी को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। पुलिस टीम ने एनएच 31 के पास से इन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनमें सोने के लगभग 116.390 ग्राम तथा चांदी के करीब 1.549 किलोग्राम जेवर शामिल हैं। इसके अलावा तलाशी के दौरान उनके पास से 17,200 रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार बरामद सोने और चांदी के आभूषण अलग-अलग अभियुक्तों के कब्जे से मिले हैं। जमशेद शेख के पास से सोने के करीब 47.207 ग्राम और चांदी के लगभग 668 ग्राम जेवर मिले। शहजाद उर्फ बुलेट के पास से लगभग 33.830 ग्राम सोना और करीब 462 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए। वहीं बाल अपचारी के पास से लगभग 35.300 ग्राम सोना और करीब 419 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि इस मामले में थाना दुबहड़ में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना दुबहड़ के थानाध्यक्ष अजय पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सक्रियता, सतर्कता और कुशल नेतृत्व के कारण पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर थानाध्यक्ष अजय पाल की कार्यशैली की स्थानीय लोगों द्वारा भी सराहना की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक राजबहादुर सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह, कांस्टेबल विपिन कुमार पटेल, कांस्टेबल शशिकांत भारती तथा चालक कांस्टेबल प्रेमेचन्द्र यादव शामिल रहे, जिन्होंने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को सफल बनाया।
दुबहड़ पुलिस ने दो अभियुक्त को किया गिरफ्तार, एक बाल अपचारी अभिरक्षा में लिया गया










