पूर्वांचल राज्य
वाराणसी। इंग्लैंड के वेलिंगबोरो नगर के मेयर राज मिश्रा ने वाराणसी प्रवास के दौरान वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी से उनके कक्ष में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर महापौर ने उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
मुलाकात के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित नगर निगम के कई पार्षद भी उपस्थित रहे।
इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच नगरीय विकास, जनसुविधाओं के विस्तार तथा विभिन्न जनकल्याणकारी विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
बताया गया कि राज मिश्रा वर्तमान में इंग्लैंड के वेलिंगबोरो नगर परिषद के मेयर हैं। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद के निवासी हैं और 13 मई 2025 को वेलिंगबोरो नगर परिषद के पाँचवें मेयर के रूप में निर्वाचित हुए थे। उनका कार्यकाल 13 मई 2025 से 13 मई 2026 तक है। वे यूनाइटेड किंगडम की प्रमुख राजनीतिक कंजरवेटिव पार्टी से जुड़े हुए हैं।
किसान परिवार में जन्मे राज मिश्रा ने चंडीगढ़ से प्रौद्योगिकी स्नातक तथा लंदन से कंप्यूटर विज्ञान में परास्नातक की डिग्री प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त उन्हो उन्होंने मैनचेस्टैस इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी से आंकड़ा विज्ञान में प्रमाणन भी हासिल किया है। राजनीति में आने से पहले वे लगभग 15 वर्षों तक सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कार्यरत रहे और यूनाइटेड किंगडम के रक्षा मंत्रालय तथा बैंकिंग क्षेत्र में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
अपने वर्तमान कार्यकाल के दौरान उन्होंने स्थानीय परोपकारी संगठनों बेटरनेस कम्युनिटी लिमिटेड और लिसालूस जिर्गोस हॉर्सपिक कंपेयनीन को सहयोग देने का संकल्प लिया है। इसके अतिरिक्त अक्टूबर 2025 में उन्होंने उत्तर प्रदेश में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित विकास समाधान परियोजना के अंतर्गत लगभग 2500 करोड़ रुपये के संभावित निवेश की घोषणा भी की थी।
इस अवसर पर पार्षद सुरेश कुमार चौरसिया, सिंधु सोनकर, मदन दूबे, प्रवीण राय और सुरेश पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दोनों नगरों के बीच भविष्य में सहयोग और संवाद को और सुदृढ़ करने की आशा व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया।










