सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 75 मामले आए जिसमें 08 आवेदन पत्रों का मौके पर हुआ निस्तारण
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील बैरिया में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस सम्पूर्ण समाधान दिवस में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई। सम्पूर्ण समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें अवैध भूमि कब्जा, वरासत तथा अन्य राजस्व से जुड़े मामलों की प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग की टीम और पुलिस को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच करने तथा शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की भी मौके पर जाकर जांच की जाए और शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम बैरिया संजय कुमार कुशवाहा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










