Home / Uncategorized / निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का डीएम ने किया निरीक्षण अधूरे कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश

निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का डीएम ने किया निरीक्षण अधूरे कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चन्दौली। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने शनिवार को हाईवे स्थित महेवा में निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कर भवन का हैंडओवर देने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी और बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को निर्देश दिया कि हैंडओवर लेने से पहले वाटर कनेक्शन, ऑक्सीजन कनेक्शन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। साथ ही लगाए गए उपकरणों की पूर्ण परीक्षण के बाद ही हैंडओवर प्रक्रिया पूरी की जाए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई. के. राय, प्रिंसिपल अजीत सिंह, उप जिलाधिकारी राजीव मोहन तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके बाद जिलाधिकारी ने पीडीडीयू नगर पालिका कार्यालय का निरीक्षण किया और विभिन्न पटलों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एसआईआर सुनवाई की समीक्षा करते हुए एईआरओ और बीएलओ को त्रुटिरहित कार्य करने के निर्देश दिए।

नगर पालिका में चेयरमैन सोनू किन्नर और सभासदों के साथ बैठक करते हुए जिलाधिकारी ने नगर में पार्क निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि चिन्हित भूमि पर बेहतर पार्क के साथ ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएं।

जिलाधिकारी ने सलेमपुर स्थित एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और उसके निस्तारण की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सूखे कचरे को रिसाइकिल कर आय का स्रोत बनाने तथा शहर को स्वच्छ रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पन्नी को और अच्छी तरह साफ कर उसके उठान की व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान उप जिलाधिकारी/अधिशासी अभियंता पीडीडीयू नगर राजीव सक्सेना सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *