पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र में एक कॉलेज के प्रबंधक पर फोन कर बुलाकर हमला करने और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं हमलावरों की बाइक पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवापुरा (लखरांव) निवासी सत्यनारायण पटेल, जो धनपति इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मोबाइल पर फोन कर उन्हें सारदा सहाय नहर के पास स्थित डॉ. अरुण यादव के घर के समीप बुलाया गया। जब वह वहां पहुंचे तो पहले से मौजूद तीन लोगों ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और रॉड से हमला कर दिया।
हमले में सत्यनारायण पटेल के सीने, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने उनके पास रखे 20 हजार रुपये और गले में पहनी सोने की चेन भी छीन ली। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद आरोपी अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक (यूपी 65 डीएच 1044) से भागने लगे। इसी दौरान बाइक लड़खड़ा कर गिर गई। इसके बाद हमलावर पिस्टल लहराते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए नहर पार कर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों की बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3), 109, 309 और 331 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।










