पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक्स-रे कराने आई एक युवती के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी एक्स-रे तकनीशियन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोलापुर थाना क्षेत्र की एक युवती 5 मार्च 2026 को एक्स-रे कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर पहुंची थी। आरोप है कि एक्स-रे कक्ष में मौजूद डॉ. शत्रुघ्न मिश्र ने उसे अंदर बुलाकर बैठा लिया और बाद में आए अन्य मरीजों का एक्स-रे कर उन्हें बाहर भेज दिया, जबकि युवती को अंदर ही बैठाए रखा।
पीड़िता का आरोप है कि जब एक्स-रे कक्ष में उसके अलावा कोई अन्य व्यक्ति नहीं था, तभी आरोपी ने चेस्ट एक्स-रे करने के बहाने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। युवती को जब लगा कि उसके साथ गलत हो रहा है तो उसने विरोध किया। इस पर आरोपी ने उसका मुंह पकड़कर शोर न मचाने की धमकी दी।
किसी तरह युवती वहां से बाहर निकली और घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद पीड़िता ने स्थानीय चोलापुर थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में थानाध्यक्ष चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 75(2) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।










