पूर्वांचल राज्य वाराणसी (चोलापुर)।
राष्ट्रीय सनातन संघ के तत्वावधान में होली मिलन समारोह का आयोजन चोलापुर विकासखंड अंतर्गत गोसाईपुर मोहांव चौराहे के समीप स्थित कान्हा रेस्टोरेंट में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सनातन संस्कृति के मूल्यों को अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी चोलापुर शिवनारायण सिंह ने कहा कि सनातन संस्कृति मानव जीवन को सही दिशा देने वाली महान परंपरा है। इसके आदर्शों को अपनाकर समाज में नैतिकता और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर के अधीक्षक डॉ. आर.बी. यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने और समाज में भाईचारे की भावना को बढ़ाने की प्रेरणा देती है। वहीं थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि सनातन धर्म प्रेम, सहयोग और एकता का संदेश देता है, जिसे हमें अपने आचरण में उतारना चाहिए।
राष्ट्रीय सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कन्हैया पांडेय ने कहा कि सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए सभी को संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है। राष्ट्रीय प्रभारी देवेंद्र पांडेय ने कहा कि गांव-गांव में सनातन संस्कार केंद्र स्थापित कर समाज में नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर पत्रकार गजेंद्र सिंह, सोनू सिंह तथा वाराणसी मंडल अध्यक्ष सुमन पांडेय सहित अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में वाराणसी मंडल, जिला और नगर के पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










