पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली। सरकार की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। पीडीडीयू नगर तहसील सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्विवाद वरासत समेत अन्य राजस्व मामलों को तत्काल सुलझाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और धरातलीय स्तर पर समाधान किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 65 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 13 प्रकरणों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण कर समस्या के समाधान के लिए भेजा गया। शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि, विकास, सिंचाई, विद्युत और पुलिस विभाग से संबंधित थीं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या गंभीरता से सुनी जाए और समय सीमा के भीतर उसका समाधान किया जाए। साथ ही आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने उप जिलाधिकारी को तीन से अधिक लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा तीन वर्ष से अधिक पुराने मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी वाई.के. राय, डीसी मनरेगा, उप जिलाधिकारी अनुपम मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।










