Home / Uncategorized / सिसवा के लाल आशीषितपाल सिंह ने बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चयन

सिसवा के लाल आशीषितपाल सिंह ने बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चयन

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो, महराजगंज सिसवा बाजार
महराजगंज जनपद के सिसवा नगर पालिका परिषद निवासी विश्वपाल सिंह के पुत्र आशीषितपाल सिंह ने स्ट्रॉन्गमैन खेल में शानदार उपलब्धि हासिल की है। देहरादून के श्री हरि वाटिका, टुनावाला रोड, रायपुर में बीते दिनों, मार्च 2026 को आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने सब-जूनियर वर्ग में 80 किलोग्राम भार वर्ग के अंतर्गत 185 किलोग्राम ज़रचर लिफ्ट उठाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ आशीषितपाल सिंह सभी भार वर्गों में सब-जूनियर कैटेगरी के स्ट्रॉन्गमैन भी बने।
यह प्रतियोगिता वर्ल्ड ओल्ड स्कूल स्ट्रॉन्गमैन फेडरेशन के तत्वावधान में तथा इंडियन स्ट्रॉन्गमैन स्पोर्ट्स फेडरेशन के संचालन में आयोजित हुई थी। आशीषितपाल सिंह सेंट जोसेफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिसवा के कक्षा 12वीं के छात्र हैं और कम उम्र में ही अपनी कड़ी मेहनत व लगन से खेल जगत में पहचान बना रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल तथा क्षेत्र में खुशी की लहर है। इस बाबत विद्यालय के चेयरमैन ओ.ए. जोसेफ ने आशीषितपाल सिंह की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आशीषितपाल ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इतने कम उम्र में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाना बहुत बड़ी उपलब्धि है। विद्यालय परिवार को उन पर गर्व है और उन्हें विश्वास है कि आशीषितपाल आगे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे। पूरा विद्यालय परिवार उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।
विदित रहे कि पाल के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन यूरोप में आयोजित होने वाली ओल्ड स्कूल स्ट्रॉन्गमैन वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भी किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे सिसवा और महराजगंज जिले के लिए गर्व की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *