Home / Uncategorized / मैरेज हाल में काम कर रहे किशोर की करंट से हुई मौत,कार्यक्रम की तैयारी के बीच पसरा मातम

मैरेज हाल में काम कर रहे किशोर की करंट से हुई मौत,कार्यक्रम की तैयारी के बीच पसरा मातम

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / घुघली
जनपद महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सिकंदरजीतपुर स्थित एक मैरेज हाल में शनिवार को कार्यक्रम की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। काम करते समय लोहे की पाइप हाइटेंशन बिजली लाइन से छू जाने के कारण करंट लगने से एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही धानी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक किशोर को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सिकंदरजीतपुर स्थित इंदु पैलेस मैरेज हाल में 10 मार्च को होने वाले एक कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खड़खड़िया टोला अमहवा निवासी दिव्यांशु यादव (16) पुत्र गनेश यादव अपने साथियों के साथ काम कर रहा था। दोपहर करीब 12 बजे वह लोहे की लंबी पाइप उठाकर ले जा रहा था। तभी मैरेज हाल के सामने से गुजर रही हाइटेंशन बिजली लाइन से पाइप छू गई और अचानक तेज करंट दौड़ गया।
करंट की चपेट में आते ही दिव्यांशु जमीन पर गिर पड़ा। उसके साथ काम कर रहा राजन यादव (17) पुत्र भजन यादव भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बिजली लाइन से दूरी बनाकर दोनों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही धानी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने दिव्यांशु यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल राजन यादव को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीएचसी धानी पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। हादसे की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि दिव्यांशु यादव तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता गनेश यादव रोजी-रोटी के सिलसिले में पुणे में रहते हैं। मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के दिव्यांशु की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *