पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / घुघली
सरकारी खलिहान की जमीन पर अवैध कब्जा कर पक्का मकान बनाए जाने की शिकायत के बाद शनिवार को प्रशासन हरकत में आ गया। नगर पंचायत परतावल क्षेत्र में राजस्व टीम, नगर पंचायत कर्मचारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर भूमि का स्थलीय निरीक्षण और पैमाइश की गई।
मामला नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 10 शिवनगर का है, जहां स्थित आराजी संख्या 772, रकबा 0.109 हेक्टेयर को सरकारी खलिहान भूमि बताया गया है। शिकायतकर्ता विपिन सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उक्त सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर पक्का मकान बना लिया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राजकुमार सिंह और रवि प्रकाश सिंह ने दबंगई के बल पर सरकारी जमीन पर निर्माण कराया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने मामले की जांच के लिए राजस्व टीम को मौके पर भेजा।
शनिवार को राजस्व विभाग की टीम, नगर पंचायत के कर्मचारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और भूमि की पैमाइश व सीमांकन की कार्रवाई की। इस दौरान शिकायतकर्ता विपिन सिंह सहित कई ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे।
शिकायतकर्ता विपिन सिंह का कहना है कि इस मामले को लेकर उन्होंने पहले भी तहसीलदार न्यायिक के यहां वाद संख्या 13636/2025 व 13637/2025 दर्ज कराया था। इन मामलों में धारा 67 के तहत 23 जुलाई 2025 को आदेश भी जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक कथित अवैध कब्जा नहीं हटाया गया।
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मौके का निरीक्षण कर पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर लगाए हुए हैं।
0.109 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर कब्जे का आरोप, पुलिस और नगर पंचायत टीम की मौजूदगी में हुई पैमाइश










