Home / Uncategorized / फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली

पेशी के दौरान पुलिस हिरासत से फरार हुए एक आरोपी को आखिरकार पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। कई दिनों से चल रही तलाश के बाद कोतवाली पुलिस, श्यामदेउरवा थाना और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को धरमौली नहर पुल के पास से दबोच लिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी, तभी धरमौली नहर पुल के पास पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पूछताछ और पहचान के बाद वह पेशी के दौरान फरार हुआ आरोपी निकला, जिसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशन साहनी पुत्र रामहरी, निवासी कुंदरू थाना कप्तानगंज जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ श्यामदेउरवा थाना में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को 28 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मौका पाकर उसने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और हिरासत से फरार हो गया था। घटना के बाद कोतवाली थाना में उसके खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई थी।
लगातार दबिश और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने आखिरकार शनिवार को उसे धरमौली नहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *