पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / घुघली
विकास खंड नौतनवा की ग्राम पंचायत बड़हरा में शनिवार को प्रशासन गांव की ओर अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा मौके पर ही उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।
चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका त्वरित निस्तारण करना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर भटकना न पड़े। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए गांवों में चौपाल का आयोजन किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को अभियान चलाकर पूरा किया जाए तथा मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। इसके लिए कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को कार्यों की जानकारी मिलती रहे।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब ग्रामीण जागरूक हों। इसी उद्देश्य से चौपाल में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां योजनाओं से संबंधित आवेदन भी लिए गए और लोगों को लाभ पाने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया।
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत सहायक, सफाईकर्मी, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकत्री सहित अन्य कर्मियों के कार्यों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि सभी कर्मचारी नियमित रूप से गांव में आते हैं और अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, जिस पर उपस्थित ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने पर ₹1.08 लाख तक का अनुदान दिया जाता है। इससे बिजली के बिल में कमी आती है और अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है।
खंड विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि बड़हरा की कुल जनसंख्या 2614 है और यहां 508 परिवार निवास करते हैं। उन्होंने बताया कि गांव में 569 लोगों को आयुष्मान कार्ड, 644 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, 450 पात्र गृहस्थी राशन कार्ड, 33 अंत्योदय कार्ड, 94 वृद्धावस्था पेंशन, 21 निराश्रित महिला पेंशन तथा 10 दिव्यांग पेंशन का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा 336 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री तथा 56 परिवारों की फैमिली आईडी बनाई जा चुकी है। जिलाधिकारी ने इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 77 लोगों को चिकित्सीय परामर्श और दवा वितरित की गई तथा 26 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच भी की गई।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया। इस अवसर पर डीएफओ निरंजन सुर्वे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रोबेशन अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, खंड विकास अधिकारी नौतनवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत में सजी जिलाधिकारी की चौपाल, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं — योजनाओं की दी गई जानकारी










