पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज। सोशल मीडिया पर डीजल-पेट्रोल तथा एलपीजी गैस की किल्लत संबंधी फैल रही अफवाहों के दृष्टिगत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल पंप एसोसिएशन एवं जनपद की गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।बैठक में डीएम ने सर्वप्रथम पेट्रोल पंप संचालकों व गैस एजेंसी मालिकों से ईंधन व गैस सिलेंडर की उपलब्धता व आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। सभी ने स्पष्ट किया कि उन्हें नियमित आपूर्ति हो रही है और जनपद में किसी प्रकार की कमी नहीं है।डीएम संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि जनपद में कहीं भी डीजल-पेट्रोल या गैस की कोई किल्लत नहीं है। कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर अफवाहें फैला रहे हैं, जिससे घबराहट का माहौल बन रहा है। ऐसे तत्वों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कनस्तर, बोतल या अन्य बर्तनों में ईंधन न बेचा जाए। संदिग्ध व्यक्ति द्वारा बार-बार खरीदारी के प्रयास पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें। गैस एजेंसियों को हिदायत दी कि सिलेंडर केवल ऑनलाइन बुकिंग पर व ग्राहकों के घर पहुंचाएं। बिना बुकिंग वितरण पर कार्रवाई होगी। गोदाम से सीधा वितरण प्रतिबंधित रहेगा।जिला पूर्ति अधिकारी को टीम गठित कर प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने व औचक निरीक्षण के आदेश दिए। उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह सहित पेट्रोल पंप व गैस एजेंसी संचालक उपस्थित रहे।










