पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। बैरिया स्थित कम्पोजिट विद्यालय प्रांगण में रविवार को स्नेह होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इसमें भोजपुरी के प्रसिद्ध गायकों और कलाकारों के साथ-साथ जनपद के नवोदित कलाकारों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और गले मिलकर होली की बधाई दी। इस अवसर पर भाजपा नेता विजयलक्ष्मी सिंह ने कहा कि यह उत्सव सभी से आशीर्वाद लेने का एक बहाना है। उन्होंने बलिया की धरती को ‘क्रांतिकारी’ बताते हुए कहा कि द्वाबा की धरती ने पूरे भारत से पांच साल पहले ही आजादी प्राप्त कर ली थी। उन्होंने आगे कहा कि इस क्रांतिकारी धरती पर लोग अपने संकल्प के साथ इसलिए सक्रिय हैं ताकि यहां की व्यवस्था में सुधार हो। उनका उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और कटान जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान खोजना है। 2027 के चुनाव में अपनी दावेदारी के संबंध में विजयलक्ष्मी सिंह ने कहा कि वह भाजपा की एक छोटी सी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव का आगाज कब होगा या नहीं, यह संगठन तय करता है। उन्होंने कहा कि संगठन जो भी आदेश देगा, वह उसका आंख मूंदकर पालन करेंगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि 2027 कोई अंतिम लक्ष्य नहीं है, बल्कि वह अपनों के बीच अपनों की सेवा करने आई हैं।
स्नेह होली मिलन समारोह का आयोजन लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर दी बधाई










