पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / घुघली
महराजगंज,नगर पंचायत परतावल के मुख्य बाजार चौराहे पर रविवार को उस समय माहौल गरमा गया जब बजरंग शाखा के कार्यकर्ताओं ने कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए अब्दुल्ला सलीम का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के समर्थन में जमकर नारेबाजी किया और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व बजरंग शाखा के अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह ने किया। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मुख्य बाजार चौराहे पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने पहले पुतले को चौराहे के चारों ओर घुमाया और फिर बीच सड़क पर लाकर उसका दहन किया। इस दौरान “योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद” और “देश विरोधी ताकतों मुर्दाबाद” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अब्दुल्ला सलीम द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबंध में की गई कथित टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और विकास के लिए मुख्यमंत्री के प्रयासों को जनता सराह रही है, ऐसे में इस प्रकार की टिप्पणी अस्वीकार्य है।
बजरंग शाखा के अध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश में सुशासन और विकास के प्रतीक हैं। उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी को समाज किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता से जांच कर अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक पदों पर बैठे नेताओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने से पहले सोचे।
इस दौरान रमेश गुप्ता, श्रीराम गुप्ता, रविंद्र मद्धेशिया, संतोष मद्धेशिया, प्रभाव मद्धेशिया, जयप्रकाश, डॉ. बैजनाथ, सतीश जायसवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, श्याम उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।










