Home / Uncategorized / महराजगंज में अवैध लकड़ी तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: शीशम से लदा ट्रक पकड़ा, चालक नहीं दिखा सका कागजात

महराजगंज में अवैध लकड़ी तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: शीशम से लदा ट्रक पकड़ा, चालक नहीं दिखा सका कागजात

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / घुघली
महराजगंज जनपद में अवैध लकड़ी के परिवहन पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार रात पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शीशम की लकड़ी से लदे एक ट्रक को पकड़ लिया। जांच के दौरान ट्रक चालक लकड़ी से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या UP53 FT 9971 सिद्धार्थनगर क्षेत्र से शीशम की लकड़ी लादकर कुशीनगर की ओर जा रहा था। शनिवार रात करीब आठ बजे जब यह ट्रक कोतवाली थाना क्षेत्र के बागापार चौराहा स्थित सड़करहिया पुल के पास पहुंचा, तभी बागापार चौकी पर तैनात एसआई नितेश कुमार ने वाहन को रोककर उसकी जांच शुरू की।
जांच के दौरान चालक से लकड़ी से संबंधित कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। कागजात न मिलने पर पुलिस ने ट्रक को तत्काल कब्जे में लेकर बागापार चौकी पर खड़ा करा दिया और चालक से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम नीरज निवासी कोहड़गड्डी, थाना खड्डा, जनपद कुशीनगर बताया। वहीं ट्रक में लदी लकड़ी का मालिक गोविंद चौहान बताया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लकड़ी कहां से काटी गई और इसे किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।
सूचना मिलने पर पकड़ी रेंज के वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वन दरोगा गौरव त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने ट्रक में लदी लकड़ी की जांच की। प्रारंभिक जांच में लकड़ी शीशम की बताई जा रही है, जबकि उसकी मात्रा और वैधता की पुष्टि की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान बागापार चौकी प्रभारी जटाशंकर सिंह, वन दरोगा हरिराम यादव, वन रक्षक अभिषेक बाजपेई सहित पुलिस और वन विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस ने ट्रक को आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली थाने भिजवा दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में लकड़ी अवैध पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और वन विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *