पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / घुघली
स्वर्गीय माया मणि त्रिपाठी की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को तविन फाउंडेशन द्वारा एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल की गई। संस्था के संस्थापक तत्सत मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में ग्राम करमहा निवासी स्वर्गीय विकास पाण्डेय की तीनों बेटियों की शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी संस्था ने उठाने का निर्णय लिया है।
तविन फाउंडेशन ने घोषणा की है कि विकास पाण्डेय की बेटियां पायल, रूबी और रिंकू की पढ़ाई से जुड़ी सभी आवश्यकताओं को संस्था पूरा करेगी। इसके साथ ही बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनके नाम से हर महीने 1000 रुपये की एसआईपी के माध्यम से आर्थिक सहायता भी दी जाएगी, जिससे भविष्य में उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।
ज्ञात हो कि कुछ समय पूर्व विकास पाण्डेय की एक सड़क दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद परिवार पर संकटों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार में अब केवल वृद्ध दादी प्रभावती पाण्डेय, पत्नी सोनी और तीन छोटी बेटियां ही रह गई हैं। घर में कोई कमाने वाला सदस्य न होने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर हो गई थी और बच्चियों की पढ़ाई भी प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी।
परिवार की इस स्थिति को देखते हुए तविन फाउंडेशन ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए बच्चियों की शिक्षा और आर्थिक सहयोग की जिम्मेदारी अपने कंधों पर लेने का निर्णय लिया। संस्था की इस पहल से न केवल तीनों बच्चियों के भविष्य को नई उम्मीद मिली है, बल्कि समाज में भी एक सकारात्मक संदेश गया है कि जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना ही सच्ची मानवता है।
स्व. माया मणि त्रिपाठी की पुण्यतिथि पर उठाया गया यह कदम समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है। क्षेत्र के लोगों ने तविन फाउंडेशन और उसके संस्थापक तत्सत मणि त्रिपाठी की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया है।
पुण्यतिथि पर सेवा का संकल्प: तविन फाउंडेशन उठाएगा तीन बेटियों की शिक्षा का जिम्मा










