पूर्वांचल राज्य, वाराणसी (चौबेपुर)
वाराणसी-गाजीपुर मार्ग स्थित कैथी टोल प्लाजा पर रविवार सुबह लगभग छह बजे खड़ी ट्रक/डंपर में 108 एंबुलेंस की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची टीम ने घायल को अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार 108 एंबुलेंस कैथी टोल प्लाजा के पास पहुंची ही थी कि सड़क किनारे खड़े ट्रक/डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस के चालक सुनील कुमार (37) पुत्र बच्चूलाल निवासी चैनपुर खुर्द थाना लालपुर कौलपुर जनपद बस्ती की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं एंबुलेंस में मौजूद अश्विन कुमार (35) पुत्र अंबिका प्रसाद निवासी मुरारपुर थाना बांकेवर जनपद फतेहपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची 1033 की टीम ने घायल को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना पर कैथी चौकी प्रभारी पवन राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कैथी टोल प्लाजा के आसपास ट्रक और डंपर चालक अक्सर वाहनों को सड़क के बीचोबीच खड़ा कर देते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।










