Home / Uncategorized / कलेक्ट्रेट सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य कार्यक्रम, महिलाओं को किया गया सम्मानित

कलेक्ट्रेट सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य कार्यक्रम, महिलाओं को किया गया सम्मानित

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत स्वावलंबन, सुरक्षा और सम्मान विषय पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण देखा गया तथा मुख्यमंत्री के उद्बोधन को सुना गया। इस दौरान पिंक रोजगार महाकुंभ पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने वाराणसी मंडल की मातृशक्ति से संवाद किया, जिसमें चंदौली की प्रगतिशील किसान व महिला उद्यमी सोनी कुमारी से भी बातचीत की गई।

संवाद के दौरान सोनी कुमारी ने बताया कि वह एफपीओ का संचालन करती हैं तथा विभागीय योजना के अंतर्गत फूलों की खेती भी कर रही हैं। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूह का संचालन कर अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य महिलाओं को प्रशिक्षण देने और उनके उत्पादों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में बाल विवाह रोकथाम, बाल संरक्षण, शिक्षा और विभिन्न योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं तथा जनपद में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत नव चयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया गया।

सम्मानित होने वालों में लालमणि देवी (चकिया), मंजू देवी (बबुरी), निशा देवी (आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, बेलवानी), सुनीता देवी (मुबारकपुर), अंजू देवी (हरिड़का), आंचल, गीता देवी (नौगढ़), संजू देवी (गौरी), रमावती देवी (प्रीतपुर), गीता देवी (अतायस्तगंज), चंद्र कुमारी (सैरया), इंदु देवी (पालपुर), चंदा देवी (सोनहुला), प्रमिला (चंदरखा) और रीता देवी (पटनवा) सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।

मुख्य अतिथि सुशील सिंह ने उपस्थित महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वयं सहायता समूह बनाकर न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी प्रेरित कर रही हैं, जो बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर को दर्शाता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से प्रदेश की मातृशक्ति तेजी से आत्मनिर्भर बन रही है। सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, रोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।

कार्यक्रम में मिशन शक्ति अभियान तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न महिला हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। अंत में डीसी एनआरएलएम श्वेता सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, पीडी बी.बी. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *