पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के अजगरा चौकी अंतर्गत ग्राम सभा नियारडीह स्थित रघुवंश प्रतिष्ठानम में रविवार को रघुवंशी समाज की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ किया गया। कार्यक्रम में आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे व सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने समाज को संगठित रखने तथा रघुवंश प्रतिष्ठानम की आजीवन सदस्यता बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने संस्था की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। साथ ही समाज के गरीब परिवारों के लड़के-लड़कियों के विवाह में आर्थिक सहयोग करने तथा जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क शिक्षा दिलाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि यदि किसी छात्र को आर्थिक अभाव के कारण उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाई होती है तो समाज के लोग मिलकर उसकी पढ़ाई में हर संभव सहयोग करेंगे, ताकि कोई भी प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकनाथ सिंह ने की, जबकि संचालन हरिनाम सिंह ने किया। इस दौरान रघुवंश प्रतिष्ठानम के सुरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह, सुरेंद्रनाथ सिंह, विनोद सिंह, दिनेश सिंह, राजेश्वर सिंह, सुशील सिंह, दुर्गा सिंह, चंद्रशेखर सिंह, मधुकर सिंह, राजेश सिंह, ललितेश सिंह, विजय सिंह, सर्वेश सिंह और सतीश सिंह सहित अनेक लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।










