पूर्वांचल राज्य चंदौली/रुद्र पाठक
चंदौली। चंदौली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह और महामंत्री आशुतोष मिश्रा ने रविवार को पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता महेंद्र नाथ पांडेय से मुलाकात कर अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान भाजपा नेता ने दोनों पदाधिकारियों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं से संबंधित समस्याओं और न्यायालय से जुड़ी व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं और उनके हितों व सुविधाओं को लेकर सरकार को संवेदनशीलता के साथ कदम उठाने चाहिए।
इस पर पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय ने अधिवक्ताओं की बातों पर सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि भारतीय जनता पार्टी अधिवक्ता हितों तथा न्यायालय से संबंधित मामलों में सदैव संवेदनशील रही है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने भी भाजपा नेता के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि अधिवक्ताओं के हित में सकारात्मक पहल की जाएगी। मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई मौके पर अधिवक्ता अभिषेक मिश्रा अधिवक्ता राजेंद्र पांडेय सतीश दुबे अधिवक्ता नीतेश श्रीवास्तव अधिवक्ता दुर्गेश पांडेय दुबे रोहित तिवारी मौजूद रहे।










