घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई
पूर्वाचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
सेवापुरी।जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार दोपहर एक महिला ने अपनी मासूम बेटी के साथ ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके पर मौजूद पति दहाड़े मारकर रोने लगा। सूचना मिलने पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के लक्ष्छीपुर रामेश्वर गांव निवासी अजीत कुमार अपनी पत्नी अनीता देवी (22 वर्ष) और तीन वर्षीय पुत्री दर्शना को बाइक से भाऊपुर बाजार दवा दिलाने ले गया था। दवा लेने के बाद वह पत्नी और बेटी के साथ चौखंडी रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक मिष्ठान की दुकान पर पानी पीने के लिए रुका।
बताया जाता है कि पानी पीने के बाद अनीता देवी ने पति से कहा कि उसे अपनी सहेली से मिलने जंसा जाना है। इसी बीच, वाराणसी से भदोही की ओर जा रही सारनाथ एक्सप्रेस के सामने अनीता ने अपनी बेटी के साथ अचानक छलांग लगा दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को देख पति अजीत कुमार मूर्छित होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर जीआरपी भदोही मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार अजीत कुमार दूसरे प्रदेश में रहकर वेल्डिंग का काम करता है और करीब दो महीने पहले ही घर आया था। मृतका अनीता देवी का मायका जंसा थाना क्षेत्र के सत्तनपुर गांव में बताया जा रहा है।










