पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। विकास खंड बेलहरी के मनरेगा कर्मियों ने अपने लंबित मानदेय और ईपीएफ भुगतान को लेकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में, कर्मियों ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और उपायुक्त श्रम रोजगार को संबोधित एक ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी/खंड विकास अधिकारी के माध्यम से सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि जनपद में कार्यरत ग्राम रोजगार सेवक, कंप्यूटर ऑपरेटर, तकनीकी सहायक, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी और लेखा सहायकों ने विभागीय निर्देशों के अनुरूप मनरेगा के लक्ष्यों की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने एसआईआर, त्रिस्तरीय पंचायत डुप्लीकेट मतदाता सत्यापन और क्रॉप सर्वे जैसे अतिरिक्त कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। कर्मियों का आरोप है कि विभागीय शिथिलता के कारण उन्हें जुलाई 2025 से अब तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। साथ ही, ईपीएफ की देयता भी लंबे समय से लंबित है। कर्मचारियों को दीपावली और होली जैसे प्रमुख त्योहारों पर भी वेतन न मिलने से गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
मनरेगा कर्मियों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने 23 फरवरी को ग्राम विकास विभाग के आयुक्त/रोजगार गारंटी आयुक्त से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया था। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। इसके तहत, 3 मार्च से काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज किया जा रहा है।
इस दौरान तकनीकी सहायक बृज किशोर सिंह, कंप्यूटर आपरेटर अनुविंद सिंह, अमित कुमार सिंह, निगमेंद्र नाथ पांडेय, राहुल कुमार तिवारी, स्वयंप्रभा देवी, कृष्ण कुमार चौबे, कृष्ण कुमार पाण्डेय, संजय पाण्डेय और जगत नारायण यादव, जय शंकर प्रजापति, संजय कुमार सिंह सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।
मनरेगा कर्मियों ने लंबित मानदेय, ईपीएफ भुगतान की मांग को लेकर बीडीओ को सौंपा ज्ञापन










