पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध तथा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में बैरिया पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बैरिया तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान एक टोयोटा कार से लगभग 52,000 रुपये मूल्य की 82.08 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह और उपनिरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बैरिया तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दया छपरा की ओर से एक सिल्वर रंग की टोयोटा कार आ रही है, जिसमें बिहार में बेचने के लिए अवैध शराब ले जाई जा रही है। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार का इंतजार किया और जैसे ही वह दिखाई दी, उसे रोककर हिरासत में ले लिया। टोयोटा इटियोस कार की तलाशी में पुलिस ने छह पेंटी, 82.08 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब की अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 52 हजार रुपये बताई जा रही है। कार में सवार रोहित कुमार सिंह (निवासी चतरा, सारण, बिहार), नीरज कुमार गुप्ता (निवासी मांझी, सारण, बिहार), अमित यादव (निवासी टडवा कोजिया, सारण, बिहार) और रामकरण कश्यप (निवासी सूरजपुरा, थाना सुखपुरा, बलिया) को गिरफ्तार कर लिया गया। बैरिया पुलिस ने मामले में मुअसं 87/26 धारा 60(1)/63 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार से अवैध शराब बिहार ले जा रहे चार तस्कर को बैरिया पुलिस ने किया गिरफ्तार










