Home / Uncategorized / “निपुण भारत मिशन को सफल बनाने पर जोर, मिठौरा में ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी आयोजित

“निपुण भारत मिशन को सफल बनाने पर जोर, मिठौरा में ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी आयोजित

महराजगंज/घुघली

जनपद महराजगंज के संसाधन केंद्र मिठौरा में सोमवार को ग्राम प्रधानों, स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों और प्रधानाध्यापकों की एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सर्व शिक्षा अभियान और निपुण भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित हुआ, जिसमें शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामहरख गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर संगोष्ठी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया।
संगोष्ठी का संचालन एआरपी जितेंद्र कुमार सिन्हा ने किया। उन्होंने निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों और लक्ष्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नई शिक्षण विधियों के उपयोग तथा टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) के प्रभावी प्रयोग पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों की बुनियादी साक्षरता और गणनात्मक दक्षता सुनिश्चित करना मिशन का मुख्य उद्देश्य है, जिसके लिए शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यशाला के दौरान विद्यालयों के बुनियादी ढांचे के विकास, छात्रों के नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने, तथा डीबीटी के माध्यम से प्राप्त धनराशि के शत-प्रतिशत उपयोग को सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। साथ ही शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।
इस अवसर पर कई शिक्षक, जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *