Home / Uncategorized / महाराजगंज नगर में भीषण जाम से थमी रफ्तार, सक्सेना चौक से बस स्टेशन तक वाहनों की लंबी कतार

महाराजगंज नगर में भीषण जाम से थमी रफ्तार, सक्सेना चौक से बस स्टेशन तक वाहनों की लंबी कतार

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली

महराजगंज नगर क्षेत्र में सोमवार दोपहर लगभग दो बजे अचानक भीषण जाम लग जाने से पूरे शहर की रफ्तार थम गई। जाम की वजह से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा और कई लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए समय पर नहीं पहुंच सके।
जानकारी के अनुसार जाम की स्थिति सक्सेना चौक से रोडवेज बस स्टेशन तक, सक्सेना चौक से सदर कोतवाली गेट तक तथा सक्सेना चौक से बलिया पुल तक बनी रही। तीनों प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
जाम में दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ बसें तथा ई-रिक्शा भी फंसे रहे। कई जगहों पर पैदल चलने वालों को भी निकलने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर खड़े वाहनों और अचानक बढ़ी भीड़ के कारण स्थिति और गंभीर हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में ट्रैफिक व्यवस्था की समुचित निगरानी नहीं होने के कारण अक्सर इस तरह की समस्या उत्पन्न हो जाती है। खासकर व्यस्त चौराहों पर यातायात नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से जाम की स्थिति बन जाती है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को व्यवस्थित कर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। जाम खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। नगरवासियों ने प्रशासन से प्रमुख चौराहों पर नियमित ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *