Home / Uncategorized / सीएचसी परतावल में रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकार से अभद्रता, कॉलर पकड़कर दी जान से मारने की धमकी

सीएचसी परतावल में रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकार से अभद्रता, कॉलर पकड़कर दी जान से मारने की धमकी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/परतावल।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल में रविवार की रात रिपोर्टिंग के दौरान एक पत्रकार के साथ अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही परतावल चौकी प्रभारी अमित सिंह मौके पर पहुंच गए। पीड़ित पत्रकार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत परतावल, थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के वार्ड नंबर 02 तिवारी टोला निवासी आनंद कुमार मिश्र एक समाचार पत्र में पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार की रात करीब 9:30 बजे वह सीएचसी परतावल में किसी घटना की जानकारी जुटाने के लिए मौजूद थे। उसी दौरान कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सोहनी गांव निवासी शंभू सिंह अपने कुछ साथियों के साथ अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि उस समय कुछ युवक मारपीट की घटना में घायल होकर इलाज कराने के लिए अस्पताल आए थे।
आरोप है कि जब पत्रकार आनंद कुमार मिश्र ने रिपोर्टिंग के दौरान घायल युवकों से मारपीट की घटना के कारण के बारे में जानकारी लेनी चाही, तो शंभू सिंह इस बात से नाराज हो गए। उन्होंने पत्रकार से अभद्र भाषा में बात करते हुए अपशब्द कहने शुरू कर दिए। पत्रकार द्वारा विरोध करने पर शंभू सिंह ने स्वयं को ठेकेदार बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
इसी दौरान उनके साथ आए दो युवकों ने पत्रकार का कॉलर पकड़ लिया और वहां से तुरंत चले जाने के लिए धमकाने लगे। आरोप है कि उन्होंने पत्रकार को जान से मारने की भी धमकी दी। अचानक हुई इस घटना से पत्रकार खुद को असहाय और असुरक्षित महसूस करने लगे और वहां से किसी तरह निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर परतावल चौकी प्रभारी अमित सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
इस संबंध में थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *