पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
सोनभद्र। महिलाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) डॉ. बबिता सिंह चौहान 12 मार्च को सोनभद्र दौरे पर आएंगी। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार आयोग की अध्यक्ष 12 मार्च को जनपद पहुंचकर चुर्क स्थित सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद 13 मार्च को उनका व्यस्त कार्यक्रम निर्धारित है, जिसमें वे महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी और कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 मार्च को सुबह करीब 9:30 बजे वह जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान नवजात कन्याओं के जन्म पर उनके परिजनों को बधाई दी जाएगी और बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया जाएगा।
इसके बाद आयोग की अध्यक्ष सर्किट हाउस सभागार में महिलाओं से संबंधित उत्पीड़न के मामलों की जनसुनवाई करेंगी। इस जनसुनवाई में पीड़ित महिलाएं सीधे आयोग के समक्ष अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को इन मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए जाएंगे।
प्रशासन का कहना है कि इस जनसुनवाई के माध्यम से महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा










