हिंडालको रेनुसागर में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस
पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
अनपरा (सोनभद्र)। हिन्डाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के रेनुपावर डिवीजन रेनुसागर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्थानीय प्रेक्षागृह में महिलाओं के सम्मान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि यूनिट हेड आर.पी. सिंह तथा विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि आर.पी. सिंह ने कहा कि नारी शक्ति समाज की प्रेरणा और परिवर्तन की धुरी है। महिलाएं केवल परिवार ही नहीं बल्कि समाज और देश के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अवसरों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जब महिलाएं सशक्त होंगी तभी समाज और राष्ट्र सच्चे अर्थों में मजबूत बन पाएगा।
इससे पूर्व हेड एचआर आशीष पांडेय ने स्वागत संबोधन में कहा कि नारी के बिना समाज की कल्पना अधूरी है। एक सशक्त महिला ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज का निर्माण करती है, इसलिए महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
हेड संचालन मनीष जैन ने कहा कि महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, उद्योग और सामाजिक सेवा सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसे में समाज की जिम्मेदारी है कि उन्हें सम्मान, सुरक्षा और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जाएं।
इस दौरान आदित्य बिड़ला कैपिटल की अक्षिता शर्मा ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए डिजिटल ऐप के माध्यम से वित्तीय जागरूकता और “सैलरी से सफलता” का मंत्र दिया।
कार्यक्रम के दौरान अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केक काटकर उत्साहपूर्वक सेलिब्रेशन किया गया। इसके बाद संस्थान की महिला कर्मचारी और अधिकारियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मानव संसाधन विभागाध्यक्ष ब्रजेश कुमार वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सुष्मिता ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में नाऊष त्रिपाठी और राजेश राय का सराहनीय सहयोग रहा।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी नवींद्र पाठक, विभु पात्रा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।










