पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी
सोनभद्र। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कहा है कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए जनपद के सभी डीजल-पेट्रोल रिटेल आउटलेट और गैस एजेंसियों को अपने प्रतिष्ठानों पर पेट्रोल, डीजल तथा एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। किसी भी स्थिति में कृत्रिम अभाव उत्पन्न कर शून्य स्टॉक का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों की आड़ में कोई भी पेट्रोल पंप संचालक या गैस एजेंसी डीजल, पेट्रोल अथवा एलपीजी गैस की जमाखोरी नहीं करेगा और न ही इसे बढ़ावा देगा। ऐसे कृत्यों में लिप्त पाए जाने पर संबंधित पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि न ली जाए और पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री तय मात्रा से कम न की जाए। तेल कंपनियों के क्षेत्रीय समन्वयकों को इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी सोनभद्र को तेल कंपनियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा जनपद के पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।









