Home / Uncategorized / होली की छुट्टी पर घर आए अग्निवीर जवान का निधन, पैर फिसलने से सिर में लगी थी चोट

होली की छुट्टी पर घर आए अग्निवीर जवान का निधन, पैर फिसलने से सिर में लगी थी चोट

काजल तिवारी | पूर्वांचल राज्य

अकबरपुर (कानपुर देहात)।
अकबरपुर थाना क्षेत्र के करौसा गांव के रहने वाले 21 वर्षीय अग्निवीर जवान अमित कुमार यादव उर्फ साहिल का इलाज के दौरान निधन हो गया। होली के दिन घर के बाहर टहलते समय उनका पैर फिसल गया था, जिससे सिर में गंभीर चोट लग गई थी। छह दिनों तक चले इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। जवान के तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया है कि अमित कुमार यादव भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती थे और उनकी तैनाती 13 कुमाऊं रेजिमेंट में थी। वह होली का त्योहार मनाने के लिए छुट्टी लेकर अपने घर करौसा आए हुए थे।
होली के दिन घर के बाहर टहलते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आ गई। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए कानपुर के सेना अस्पताल ले गए, जहां से बाद में उनकी हालत गंभीर होने पर कमांड हॉस्पिटल लखनऊ रेफर किया गया। इलाज के दौरान आखिरकार उनकी मौत हो गई।
जवान के निधन की सूचना मिलने के बाद सेना के जवान उनका पार्थिव शरीर लखनऊ से उनके पैतृक गांव लेकर पहुंचे। तिरंगे में लिपटा शव जैसे ही गांव पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और माहौल गमगीन हो गया।
अंतिम संस्कार से पहले सेना की टुकड़ी ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी। सेना के जवानों ने सलामी देकर वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
अमित की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता योगेंद्र पाल, मां सत्यवती, भाई सौरभ समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देर रात तक आसपास के गांवों से लोग पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते रहे।
रिटायर्ड पूर्व सैनिक रामराज यादव ने बताया कि जिले में अग्निवीर योजना के तहत भर्ती होने वाले जवानों में अमित पहले ऐसे सैनिक हैं, जिनका निधन हुआ है। उनके जाने से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *